भोजपुर: आरा-बक्सर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

भोजपुर जिले के आरा-बक्सर हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यह हादसा बीबीगंज गांव के पास सुबह 5 बजे हुआ। एक तेज रफ्तार कार रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए। सभी लोग विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे थे।

मरने वालों में 56 वर्षीय भूप नारायण पाठक, उनकी 50 वर्षीय पत्नी रेणु देवी, 25 वर्षीय पुत्री अर्पिता पाठक, 28 वर्षीय पुत्र विपुल पाठक और 3 वर्षीय पोता हर्ष पाठक शामिल हैं। घायलों में विपुल की पत्नी मधु देवी और उनकी एक छोटी बेटी हैं, जिनका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।

हादसे का कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे में तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। परिवार के सभी लोग मूल रूप से अजीमाबाद के कमरियांव गांव के निवासी थे, लेकिन वर्तमान में पटना के दानापुर में रहते थे।

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हरी प्रसाद सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिवार में इस हादसे के बाद कोहराम मच गया है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment